शिक्षकों की हड़ताल के चलते कौशलम् कार्यक्रम किया गया स्थगित

रामनगर। रामनगर ब्लॉक में सोमवार से शुरू होने वाला कौशलम् कार्यक्रम भी राजकीय शिक्षक संघ की हड़ताल के कारण स्थगित कर दिया गया है। अधिकारी वर्ग का कहना है कि कार्यक्रम आगे बढ़ाने का निर्णय आंदोलन की स्थिति और शिक्षकों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। विद्यालयों में अचानक पढ़ाई बंद होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता की स्थिति बनी हुई है। कई जगहों पर विद्यार्थी विद्यालय तो पहुंचे, लेकिन शिक्षण कार्य न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।

अभिभावकों ने सरकार और शिक्षकों दोनों से अपील की है कि बातचीत के जरिए समस्या का हल निकाला जाए। ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। संघ के प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल ने दोहराया कि आंदोलन शिक्षकों की मजबूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार लिखित में ठोस आश्वासन नहीं देती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही मांगें पूरी नहीं कीं, तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

फिलहाल, राजकीय शिक्षकों के शिक्षण बहिष्कार के चलते प्रदेश के सभी सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई ठप हो गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *