हरिद्वार। हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सघन सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जांच करते हुए कई मकान मालिकों पर कार्रवाई भी की गई।
रानीपुर पुलिस ने संजयनगर टिबड़ी, साईं धाम कॉलोनी, विष्णुलोक कॉलोनी, रामधाम कॉलोनी, सलेमपुर और औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू सहायकों और मजदूरों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 40 लोगों का सत्यापन किया गया। साथ ही बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले 16 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 60 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को जागरूक करते हुए मकान मालिकों से किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।