लोक भवन में आयोजित किया गया लोक मिलन कार्यक्रम

देहरादून। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज लोक भवन में आयोजित लोक मिलन कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और देहरादून जिलों से आए लगभग बीस व्यक्तियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत किए।

राज्यपाल ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण नियमानुसार और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी मामलों को संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रेषित कर शीघ्र समाधान की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन में समय-समय पर आयोजित होने वाले लोक मिलन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं, विशेषकर पूर्व सैनिकों को सीधे सुनना तथा उनके समाधान के लिए संवेदनशील और प्रभावी पहल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *