नैनीताल। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल जिले के कृष्णापुर क्षेत्र में भूस्खलन व पहाड़ी से बोल्डर गिरने से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर अवस्था में मौजूद विशाल बोल्डर को सिंचाई विभाग ने जाल लगाकर रोकने का प्रयास किया था, जो पर्याप्त सिद्ध नहीं हुआ। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार व एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हुई, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शेष अस्थिर बोल्डरों को केवल स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पूर्ण व सुरक्षित निस्तारण आवश्यक है। इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में विभाजित करके हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।