रोजगार मेले में 39 युवाओं को मिली नौकरी, 23 अभ्यर्थी दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित

देहरादून। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन विभाग की पहल रंग लाई। सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून परिसर में आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ, जबकि 23 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल, निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे युवाओं ने अलग-अलग कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन किए।

रोजगार मेले में उत्तरकाशी से आए अभ्यर्थी प्रमोद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का प्रभावी मंच साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। उनके अनुसार ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं तथा उन्हें कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि निर्धारित 14 कंपनियों में से 12 कंपनियां मेले में शामिल हुईं, जिससे अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *