रूद्रप्रयाग। आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने हरेला पर्व को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। रूद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस वर्ष भी हरेला पर्व पर जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने जिले के सभी विकासखंडों, तहसीलों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने सभी विभागों से अपनी-अपनी कार्ययोजना तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही अधिकारियों ने हरेला पर्व को जनआंदोलन के रूप में मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हरित उत्तराखंड के अभियान को नई गति देना है।