भोपाल में देश की पहली स्पेस एक्सप्लोरेशन गैलरी का उद्घाटन

भोपाल। संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देश की पहली स्पेस एक्सप्लोरेशन गैलरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। यह गैलरी भोपाल के क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र में स्थापित की गई है।

    इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ने अपनी अंतरिक्ष नीति बनाई है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल को दिया। उन्होंने कहा कि इस गैलरी के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी।

    यह गैलरी राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद ने तैयार की है। इसके निर्माण में मुंबई के नेहरू विज्ञान केंद्र ने तकनीकी सहयोग दिया है। इसका उद्देश्य लोगों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है।

    आधुनिक डिजिटल तकनीक से सुसज्जित इस गैलरी में ब्रह्मांड और भारत के अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी दी गई है। इसमें भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के साथ-साथ आर्यभट्ट, चंद्रयान और गगनयान जैसी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। गैलरी में आगंतुक स्पेस वॉक और फ्लाइट सिम्युलेटर का अनुभव भी ले सकेंगे। इसके अलावा चंद्रमा और मंगल ग्रह की त्रि-आयामी सतह को भी देखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *