उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप हुए भू-धंसाव क्षेत्र से फिलहाल आवाजाही को बहाल कर दिया गया है। आज जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर मलबा हटाने और सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए। साथ ही तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए भू-धंसाव क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर तैनात हैं। भारी मशीनों की मदद से मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने यात्रियों से मौसम और सड़क की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने व प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।