खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के जांच अभियान में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

हरिद्धार। आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छ भंडारण के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को भूपतवाला स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। यहां से कुटू आटा, पनीर, मिठाई और ब्रेड समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों की बोतलों और रैकों पर फंगस मिली। अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के भंडारण के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। वहीं, लेबल संबंधी नियमों का उल्लंघन करते हुए रखी गई कई ब्रांड की आयातित शीतल पेय की बोतलों को सीज कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार स्टोर प्रबंधन निरीक्षण के दौरान कीट नियंत्रण, कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और प्रशिक्षण, साफ-सफाई तथा खराब खाद्य सामग्री से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका। इन अनियमितताओं को देखते हुए प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस की संस्तुति की गई है। जांच के लिए लिए गए पांचों नमूने प्रयोगशाला को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित स्टोर, निर्माता और विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *