देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल को लेकर सियासत तेज हो गई है। रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के भाजपा के एक और वरिष्ठ नेता के कांग्रेस के संपर्क में होने के दावे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पलटवार किया है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनावी साल में दल-बदल होता है। कुछ नेता कांग्रेस से भाजपा में आएंगे, तो कुछ महत्वाकांक्षी नेता भाजपा छोड़कर भी जा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में भी टूट होगी और कई नेता भाजपा में शामिल होंगे। भट्ट ने कहा कि पार्टी में किसे शामिल करना है और किसे नहीं, इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी और एक-दो नेताओं के पार्टी छोड़ने से भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
चुनाव से पहले दल-बदल पर भाजपा-कांग्रेस में बयानबाजी तेज