20 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह सम्मेलन, पात्र जोड़ों को मिलेंगे 55 हजार रुपये

भोपाल। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत गुना में 20 नवंबर को सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की।  बैठक में बताया गया कि योजना के तहत पात्र जोड़ों को कुल 55 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें वधू को 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और आयोजन व्यवस्था के लिए 6 हजार रुपये निर्धारित हैं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र जोड़ों का समय पर पंजीयन और सम्मेलन की सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।  बैठक में पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, वृद्धाश्रम, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और नशामुक्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की 50 और 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *