मेधावी विद्यार्थियों की माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार से किया सम्मानित

विकासनगर। मेधावी विद्यार्थियों की सफलता में माताओं के योगदान और उनके प्रोत्साहन को सम्मान देने के उद्देश्य से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबूगढ़ में स्वर्गीय कमला नेहरू पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यालय के प्रार्थना सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की माताओं को एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान कुल 33 छात्र-छात्राओं की माताओं को सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कलीराम भट्ट और कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने लाभार्थी माताओं को चेक प्रदान किए। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के बोर्ड परीक्षा प्रभारी गुलजार सिंह, सुभाष चमोली, अक्षय कुमार, विमलेश त्यागी और वीनूं राघव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *