नर्मदा नदी में डूब रही नाबालिग बालिका को थाना प्रभारी ने बचाया

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी कानून व्यवस्था के साथ-साथ संकट के समय नागरिकों की जान बचाने के लिए भी तत्पर रहते हैं। इसका उदाहरण पिपरिया में देखने को मिला, जहां कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा नदी में स्नान के दौरान डूब रही एक नाबालिग बालिका को थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक आदित्य सेन ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए सुरक्षित बचा लिया। 

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक नाबालिग बालिका अपने परिजनों के साथ नर्मदा घाट पर स्नान करने पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी निरीक्षक श्री आदित्य सेन ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

निरीक्षक आदित्य सेन की त्वरित सूझबूझ, साहस और मानवीय संवेदनशीलता से बालिका को नया जीवन मिला। उनका यह सराहनीय कार्य पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा के साथ-साथ जनसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *