लोहाघाट में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कालेज का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

लोहाघाट। चम्पावत जिले के लोहाघाट में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कालेज के निर्माण कार्यो का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग 237 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं उनके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड,वॉलीबॉल एवं अन्य खेल मैदान सहित खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर व एडमिन ब्लॉक का निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक कॉलेज का संचालन प्रारम्भ करने की कार्ययोजना है।

वहीं स्थानीय लोगों ने महिला स्पोर्ट्स कालेज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उनका मानना है कि यह  बालिकाओं के सुनहरे भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *