कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पकड़ा गया आदमखोर बाघ

देहरादून। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पिछले दिनों 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान लेने वाले बाघ को पार्क प्रशासन ने सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज किया गया। बाघ को बेहोश करने के बाद उसे कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज स्थित रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों हुई घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। पार्क प्रशासन द्वारा लगातार इलाके की निगरानी की जा रही थी। बाघ को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास कैमरा ट्रैप लगाए गए थे, साथ ही पिंजरा भी रखा गया था। कैमरा ट्रैप में जिस बाघ की गतिविधियां लगातार रिकॉर्ड हो रही थी, उसी के आधार पर उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रेंकुलाइज किया गया नर बाघ 5 से 7 वर्ष की उम्र का है। बाघ पूरी तरह स्वस्थ है। बाघ और मृतक महिला के सैंपल सीसीएमबी हैदराबाद भेजे जाएंगे, ताकि डीएनए जांच के जरिए यह स्पष्ट किया जा सके कि महिला पर हमला करने वाला बाघ यही था या नहीं।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि घटना वाले क्षेत्र में कई अन्य बाघों की भी मौजूदगी थी, लेकिन जिस बाघ को ट्रेंकुलाइज किया गया है, वह कैमरा ट्रैप में बार-बार उसी इलाके में दिखाई दिया था, जहां घटना हुई थी। इसी वजह से उसी बाघ को पकड़ने का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *