देहरादून। सरकार ने चारधाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा को बहाल कर दिया गया है। सरकार ने ये फैसला यात्रियों की परेशानियों के मद्देनजर लिया है। हालांकि, इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच वर्तमान में उपजे तनाव को देखते हुए सुरक्षा दृष्टि से चारधाम के लिए हेलीकॉप्टर सर्विस को बंद कर दिया था। डीजी सूचना बंशीधर तिवारी की ओर से सेवा बहाल करने की पुष्टि की गई है।
बता दें कि, चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। इसी बीच चारधाम हेली सर्विस को रोकने की बात सामने आई थी। लेकिन यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए हेली सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया है। चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और कई श्रद्धालु हेली सेवा से चारधाम यात्रा करते हैं।
गौर हो कि, भारत-पाकिस्तान तनाव लगातार बढ़ रहा है। सीमाओं पर हालात तनावपूर्ण हैं। इसी स्थिति के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सीमाओं पर अलर्ट बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्रों में तैनात प्रशासनिक इकाइयों को भी अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार अधिकारियों संग बैठक कर रहे हैं। हाई लेवल मीटिंग में सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं।