देहरादून। पूर्व विधायक और भाजपा नेता प्रणव सिंह को देहरादून परिवहन विभाग की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जबाव नहीं देने पर प्रणव सिंह को उनकी कार की आरसी रद्द करने की चेतावनी दी गई है। प्रणव सिंह के बेटे दिव्य प्रताप सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 15 नवंबर की रात देहरादून में राजपुर रोड पर पूर्व मुख्य सचिव एस रामास्वामी के बेटे आर यशोवर्धन के साथ मारपीट की थी। इस दौरान दिव्य प्रताप सिंह जिस लैंड क्रूजर कार में मौजूद थे, उसके पिछले पांच सालों में 28 चालान हुए हैं। ये कार 2019 में देहरादून आरटीओ कार्यालय में रजिस्टर्ड है।
जिस कार में दिव्य प्रताप सिंह घूम रहा था, वो कार प्रणव सिंह के नाम है और उस कार के ओवर स्पीडिंग की वजह से कई चालान कटे हुए हैं। एम परिवहन मोबाइल एप पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, लैंड क्रूजर कार पर पिछले 5 साल में 28 चालान हुए हैं। ये चालान ओवर स्पीड और पॉल्यूशन से संबंधित हैं। ये सभी चालान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हुए हैं। इस बारे में जब देहरादून आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कार के चार चालान देहरादून आरटीओ के अंतर्गत किए गए हैं। चारों ओवर स्पीड के चालान हैं। पहले चालान के बाद जब इस मामले में दूसरा चालान होता है तो उसमें जुर्माना बढ़ जाता है और लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया जाता है।