देहरादून। लोकभवन उत्तराखंड में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह ने उपस्थित सभी मतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नए मतदाताओं को वोटर कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग हर हाल में करें, ताकि आने वाले हर चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नए मतदाताओं को ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए कहा कि वे अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मतदाताओं से अपील है कि जब भी चुनाव हों वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि मतदान केवल एक काम नहीं है। बल्कि, यह कर्तव्य के साथ ही एक अहम जिम्मेदारी भी है, जिसका निवर्हन करना सभी के लिए जरूरी है।