कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में दो दिवसीय बर्ड वाचिंग कार्यक्रम का हुआ समापन

कोटद्वार। कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में दो दिन तक चले बर्ड वाचिंग कार्यक्रम का आज समापन हो गया। इस  कार्यक्रम में तमाम पक्षी प्रेमियों ने भाग लिया। उन्होंने विभिन्न पक्षियों का दीदार किया और उनके विषय में जानकारी हासिल की। समापन अवसर पर कार्यक्रम  स्थल पर पक्षियों के विभिन्न चित्र, फोटोग्राफ की  गैलरी लगाई गई थी। साथ ही वन्य जीव संस्थान देहरादून की ओर से जंगल में पड़ी निष्प्रयोजन वस्तुओं से बनी आकर्षक वस्तुओं ने भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।

कार्यक्रम में पेंटिंग, निबंध लेखन, मैराथन आदि आयोजन भी किए गए तथा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समापन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि इस कार्यक्रम से कोटद्वार को एक नहीं पहचान मिली है। इससे क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। दुनिया भर के पक्षी प्रेमी यहां आएंगे और यहां की संस्कृति को भी पहचानेंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए एक बड़ी मिसाल बनी है। आने वाले समय में इस कार्यक्रम को और वृहद किया जाएगा। पक्षियों का दीदार करने आए देहरादून के पक्षी प्रेमी व फोटोग्राफर भूमेश भारती  ने कहा कि यहां बर्ड वाचिंग की अपार संभावनाएं हैं। इससे क्षेत्र में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही दुनिया को पक्षियों के प्रति प्रेम भी बढ़ेगा।

भारतीय वन्य जीव संस्थान से आई शालिनी नेगी ने कहा कि उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र के जंगलों से वहां की महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद यहां लगाए गए थे। इससे जंगलों में आग का खतरा कम होगा व इन आकर्षक वस्तुओं को बेचकर उनकी आमदनी भी होगी। यह काम उनकी आर्थिकी को मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *