बागेश्वर। बागेश्वर से दुखद खबर सामने आई है, जहां ब्यानगढ़ के समीप स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होकर गोमती नदी में जा गिरी। हादसे के बाद लापता हुए युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया है। थाना बागेश्वर से सूचना मिलने के बाद हेड कांस्टेबल दिनेश पुरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जानकारी के अनुसार, रात्रि के दौरान ब्यानगढ़ के समीप एक स्कूटी अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई थी, जिसके बाद स्कूटी सवार युवक लापता हो गया था।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ की कपकोट टीम ने गोमती नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी के साथ युवक का शव भी बरामद कर लिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोहित मेहरा, पुत्र मोहन सिंह, निवासी अरोड़, रानीखेत के रूप में हुई है। एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।