भ्रष्टाचार की पोटली लेकर 26 नवंबर को लोकभवन कूच करेगी कांग्रेस

देहरादून। भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस की ओर से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद अब कांग्रेस ने 26 नवंबर को लोकभवन कूच की तैयारी तेज कर दी है। इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के कथित भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेजों और जनभावनाओं की प्रतीकात्मक पोटली लेकर लोकभवन पहुंचेंगे तथा राज्यपाल के माध्यम से सरकार को जवाबदेह बनाने की मांग करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार किया गया। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रदेश की जनता इन मामलों में सरकार से जवाब चाहती है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय इन मुद्दों से बचने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को कांग्रेसजन भ्रष्टाचार की प्रतीकात्मक पोटली लेकर लोकभवन कूच करेंगे। राज्यपाल के माध्यम से प्रदेश सरकार से उसके कार्यकाल में सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब मांगा जाएगा। बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, शूरवीर सिंह सजवाण, रामशरण नौटियाल, लालचंद शर्मा, गोदावरी थापली, आर्येंद्र शर्मा, राजेंद्र शाह, जोत सिंह गुनसोला, राजकुमार, अश्विनी बहुगुणा, सुरेंद्र रांगड़, सोनिया आनंद, राकेश नेगी, डॉ. प्रतिमा सिंह, मोहित उनियाल, संजय किशोर, राजीव कुमार, गौरव चौधरी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *