देहरादून। देश के तेजी से विकसित हो रहे कॉफी और खाद्य सेवा क्षेत्र के प्रमुख ब्रांडों में शामिल थर्ड वेव कॉफी ने उत्तराखंड में भी दस्तक दे दी है। कंपनी ने देहरादून की राजपुर रोड पर अपना पहला कैफे शुरू किया है। इस शुरुआत के साथ देशभर में कंपनी के कैफे की संख्या बढ़कर 275 हो गई है।
कंपनी के सह-संस्थापक अनिरुद्ध शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ग्राहकों को बेहतर कैफे अनुभव देने में नए खाद्य उत्पादों और उनके निरंतर विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। कंपनी लगातार अपने खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता को बेहतर बनाने पर काम कर रही है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजत लूथरा ने उत्तराखंड में अपनी शुरुआत पर खुशी जताते हुए कहा कि देहरादून अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ शिक्षा और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में भी पहचान रखता है। यहां छात्रों की बड़ी आबादी के साथ युवा और शहरी ग्राहकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में देहरादून कंपनी के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2027 तक देशभर में अपने कैफे की संख्या बढ़ाकर 320 करना है। देहरादून में नए कैफे की शुरुआत इसी विस्तार योजना का हिस्सा है। कंपनी को उम्मीद है कि उत्तराखंड में भी ग्राहकों को उसका कैफे अनुभव पसंद आएगा।