खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का अनूठा संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खुशी की बात है कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं। दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस आयोजन को विशेष पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे मेले स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।