पॉक्सो मामले में आरोपी युवक दोषमुक्त, अभियोजन आरोप साबित करने में रहा असफल

विकासनगर। नाबालिग से दुष्कर्म, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों से जुड़े मामले में न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो एक्ट), ढकरानी विकासनगर ने आरोपी युवक समद को दोषमुक्त कर दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल नहीं रहा।

यह मामला विकासनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 345ध्2024 से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354डी, 376(3), 506 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(बी)ध्6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि आरोपी दिसंबर 2023 से नाबालिग का पीछा कर रहा था। उस पर यौन अपराध करने, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे। मामले में 17 नवंबर 2024 को विकासनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना पूरी करने के बाद 17 जनवरी 2025 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता अजय बड़ोनी ने दलील दी कि आरोपी को आपसी विवाद के चलते झूठा फंसाया गया है। उन्होंने अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयानों में विरोधाभास, प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी और घटना से संबंधित परिस्थितियों पर सवाल उठाए। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि पीड़िता के माता-पिता के न्यायालय में दिए गए बयान अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं करते तथा चिकित्सकीय साक्ष्य से भी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने, गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित नहीं कर सका। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को सभी आरोपों से बरी करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *