देहरादून। उत्तराखंड में विकास की रफ्तार, बड़े नीतिगत फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा सरकार अब जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखने जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार 26 नवंबर को अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा जनता के सामने प्रस्तुत करेगी। उन्होंने इसे नए उत्तराखंड के निर्माण और विकसित राज्य के संकल्प की दिशा में सरकार के प्रयासों का प्रतिबिंब बताया।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने बीते वर्षों में विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनकी चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून बनाना, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करना और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे कदम सरकार की दृढ़ कार्यशैली को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और मूल स्वरूप के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। सख्त नकल विरोधी कानून और नियमित भर्ती प्रक्रियाओं के परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के प्रयासों से उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन और तीर्थाटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार हैं। चारधाम यात्रा को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने, धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, सड़क एवं हवाई संपर्क सुविधाओं के विस्तार तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे कार्यों से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल रही है। सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर दूरस्थ गांवों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी सरकार ने कई पहल की हैं। लखपति दीदी अभियान, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों की बाजार तक पहुंच, होमस्टे और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोले हैं। सरकार का उद्देश्य गांवों में ही आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर पलायन की समस्या को कम करना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत ढांचे, निवेश और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्य सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हैं। धामी सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई योजनाओं और निर्णयों का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 26 नवंबर को जारी होने वाला रिपोर्ट कार्ड सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रमाण होगा। भाजपा अपने कामकाज और उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाने में विश्वास रखती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास प्रदेश के विकास को लेकर कोई ठोस दृष्टि और सकारात्मक एजेंडा नहीं है। केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। भट्ट ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार के कार्यों, उपलब्धियों और जनसेवा के संकल्प को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा प्रदेशवासियों के आशीर्वाद से दोबारा सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी।