देहरादून। प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए कल से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच कर त्रुटियों को चिह्नित करेंगे। उन्होंने बताया कि एक जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरना होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम व अन्य विवरण मतदाता सूची में जांच लें।