सड़क पर मलबा हटाने का काम करते हुए खाई में गिरी महिला, हालत गंभीर

पौड़ी। तहसील पौड़ी के कंडेरी-तिमली मोटर मार्ग पर तिमली गांव के समीप मलबा हटाने का काम करते हुए महिला मेड गहरी खाई में गिर गई। हादसे में महिला मेड के एक हाथ के कंधे, एक हाथ की कलाई व माथे पर चोट आई है।

महिला को एसडीआरएफ व अग्निशमन दल विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया है। जहां से उसे मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां महिला का उपचार चल रहा है।

लोनिवि निर्माण खंड पौड़ी की अधिशासी अभियंता रीना नेगी ने बताया कि विभाग में सेवारत महिला मेड सरस्वती देवी कंडेरी-तिमली मोटर मार्ग पर बीते शनिवार मलबा हटाने का काम कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे महिला मेड के मोटर मार्ग से करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। जिसके बाद राजस्व पुलिस, आपदा कंट्रोल रुम व 108 सेवा को घटना की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ, अग्निशमन दल ने महिला को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद रविवार दोपहर महिला को मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर किया गया। जहां महिला का उपचार चल रहा है।

ईई नेगी ने बताया कि महिला मेड के एक कंधे, एक हाथ की कलाई व माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। बताया कि महिला मेड पाबौ ब्लाक के कलुण गांव की रहने वाली हैं, उसका एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है। जबकि पति का निधन हो चुका है। घटना स्थल पर राजस्व उपनिरीक्षक खातस्यूं-चार कविता फर्स्वाण, सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना, कनिष्ठ अभियंता विकास बिष्ट आदि ने सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *