मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पौड़ी जिले के दौरे पर

पौड़ी। उत्तराखंड पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र का दौरा कर महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आध्यात्मिकता जीवन में सफलता का आधार है। मुख्यमंत्री धामी ने बिथ्याणी महाविद्यालय को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण जल्द शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महाविद्यालय में दोनों मुख्यमंत्रियों ने नई ए.आई. आधारित वेबसाइट का उद्घाटन किया और डिजिटल तकनीक की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

इस दौरान नए भवन, सेमिनार हॉल और ‘विकसित भारत-एक संकल्प’ पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का उद्घाटन भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *