कार्तिक पूर्णिमा पर हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु


हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दीपदान किया और दान-पुण्य किया।

हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, पूजा-पाठ, दीपदान और जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक मान्यता के चलते हरिद्वार के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के साथ ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए। पुलिस की ओर से सोमवार रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया। यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था भी की गई।

दिल्ली और मेरठ से हरिद्वार आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए शहर में प्रवेश कराया गया। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को नगलाइमरती से लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजने का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से देहरादून जाने वाले वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून एवं ऋषिकेश भेजने की व्यवस्था की गई। वहीं, दिल्ली-मेरठ से देहरादून जाने वाली बसों को रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजा गया।

मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी होते हुए हरिद्वार पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया। इन वाहनों के लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में व्यवस्था की गई। बड़े वाहनों को भी यातायात दबाव के अनुसार डायवर्ट कर इन्हीं पार्किंग स्थलों पर भेजने की योजना बनाई गई।

देहरादून और ऋषिकेश से हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म और रायवाला का मार्ग निर्धारित किया गया। इनके लिए लालजीवाला पार्किंग में वाहन खड़े करने की व्यवस्था रही। वहीं, हरिद्वार से दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहनों को रायवाला, चंडी चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग-344 के रास्ते भेजा गया। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को रायवाला, चंडी चौक और श्यामपुर के रास्ते रवाना किया गया।
यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही प्रवेश दिया जाएगा। ज्वालापुर और जटवाड़ा पुल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए बस स्टेशन तथा रेलवे स्टेशन जा सकेंगे। वहीं, कनखल जाने वाले वाहनों के लिए तुलसी चौक से यू-टर्न लेकर जाने की व्यवस्था निर्धारित की गई।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रबंध किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *