चमोली। नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व द्वारा चमोली जिले के औली में ईको टूरिज्म एवं नेचर गाईड विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ अभिमन्यु ने कहा कि इस क्षेत्र में इको टूरिज्म व नेचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यह स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका संवर्धन का सशक्त माध्यम बन सकता है। आने वाले समय में पार्क प्रशासन द्वारा टूर एजेंसी से जुड़े अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।
नन्दा देवी बायोस्फियर रिजर्व क्षेत्र के नेचर एक्सपर्ट संजय कुंवर ने युवाओं को बर्ड वाचिंग का बेसिक प्रशिक्षण तथा नेचर गाईड व ईको टूरिज्म के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे प्रशिक्षु जयदीप भट्ट व अनुज भुजवान ने कहा कि इस तरह के नेचर कैम्प लगातार आयोजित होने चाहिए ताकि स्थानीय लोग औली- ज्योतिर्मठ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के साथ पक्षी अवलोकन के प्रति जागरूक कर सकें।