हरियाणा पुलिस के एसआई पर फायरिंग मामला, आरोपी ने देहरादून में की आत्महत्या

देहरादून। हरिद्वार में हरियाणा पुलिस के दारोगा पर फायरिंग करने वाले फरार बदमाश ने देहरादून में आत्महत्या कर ली। रविवार को हरियाणा पुलिस और उत्तराखंड पुलिस ने सूचना के आधार पर जॉइंट ऑपरेशन किया, जिसके बाद बदमाश ने घटना को अंजाम दिया। सूचना पर देहरादून एसएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार, साल 2024 सितंबर में आरोपी सुनील कपूर ने जिंद के एसपी पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। यौन शोषण के आरोप में फर्जी महिलाओं के साइन कराकर शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन जब एसपी के खिलाफ जांच हुई तो जानकारी में शिकायत पत्र में महिलाओं के फर्जी साइन पाए गए थे। इसके बाद आरोपी सुनील कपूर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बताया जा रहा है आरोपी ने महिलाओं के साथ रुपए की धोखाधड़ी भी की थी। उसके बाद से ही जिंद पुलिस आरोपी सुनील कपूर की तलाश कर रही थी। इसी बीच हरियाणा पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी हरिद्वार में है। हरियाणा पुलिस शनिवार 13 सितंबर को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरिद्वार पहुंची।

हरिद्वार पहुंचने के बाद जब हरियाणा पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी करने लगी तो आरोपी सुनील कपूर ने हरियाणा पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें हरियाणा पुलिस के एसआई सुरेंद्र गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। हरियाणा पुलिस द्वारा घायल एसआई को एम्स ऋषिकेश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिनका इलाज चल रहा है। साथ ही हरियाणा पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कराया गया। उसके बाद आरोपी सुनील कपूर हरिद्वार से फरार होकर देहरादून के लक्ष्मणपुर चौक के पास अपने रिश्तेदारों के यहां आकर छिप गया।

रविवार को हरियाणा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लक्ष्मणपुर चौक के पास अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। हरियाणा पुलिस ने कोतवाली नगर पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए ज्वाइंट दबिश दी। हरियाणा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी करने की कोशिश की तो आरोपी सुनील कपूर ने आत्महत्या कर ली।

आरोपी के परिवारजनों ने बताया कि रविवार सुबह सुनील कपूर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन परिवार के समझाने पर शांत हो गया था। साथ ही वकील से वार्ता चल रही थी और कोर्ट में सरेंडर करने की योजना बनाई जा रही थी। लेकिन रविवार होने के कारण सरेंडर नहीं कर पाया और उसके थोड़ी देर बाद ही हरियाणा पुलिस और उत्तराखंड पुलिस ने घर पर दबिश दे दी।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हरिद्वार में शनिवार को हरियाणा पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया था। लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जिसमें हरियाणा एसआई को दो गोली लगी थी। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आज लक्ष्मणपुर चौक के पास आरोपी द्वारा बहन के लड़के के यहां छिपे रहने की सूचना पर हरियाणा पुलिस और कोतवाली नगर पुलिस ने घर पर दबिश दी तो आरोपी ने आत्महत्या कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *