सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के लिए आज गोविंद घाट से पंच प्यारों की अगुवाई में पहला जत्था बैंड-बाजे की मधुर ध्वनि के साथ रवाना हुआ। इस जत्थे में 5 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल रहे।
गोविंद घाट गुरुद्वारे में अरदास के बाद पंच प्यारों को सरोपा भेंट किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं का जत्था हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्थान कर गया। यह जत्था आज देर शाम घांघरिया पहुंचेगा और रात्रि विश्राम के बाद कल सुबह आगे की यात्रा करेगा। कल प्रातः घांघरिया से प्रस्थान कर यह जत्था लगभग 10 बजे हेमकुंड साहिब पहुंचेगा, जहां दोपहर 12 बजे इस वर्ष की पहली अरदास के बाद 23 मई को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसको लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्सा है।
जिला प्रशासन ने भी यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि पंच प्यारों की अगुवाई में पहला जत्था गोविंद घाट से रवाना हुआ है, जिसमें 5000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं।