देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जायेगी। इस योजना का लाभ विभिन्न पाठ्यक्रमों में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्रों के साथ-साथ उन अभ्यर्थियों को भी मिलेगा, जिन्होंने एक वर्ष पूर्व स्नातक या स्नातकोत्तर उत्तीर्ण किया है।
युवाओं का चयन खुली स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। जिसपर राज्य सरकार प्रतिवर्ष लगभग 11 करोड़ रूपए की धनराशि खर्च करेगी।
इसके लिये छात्रों का वर्गवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें सिविल सर्विसेज हेतु दो हज़ार छात्र, एसएससी, रेलवे सर्विसेज एवं समकक्ष परीक्षाओं के लिये पांच हज़ार, बैंकिंग सर्विसेज के लिए दो और कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर जैसी योग्यता परीक्षाओं एवं प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण की प्रवेश परीक्षाओं के लिये दो हज़ार छात्रों को शामिल गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि यह योजना न केवल युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में सहायक होगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।