निराश्रित महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ रही सरकार: रेखा आर्य

विकासनगर। हरबर्टपुर स्थित कम्युनिटी होम्स पहुंची काबिना मंत्री रेखा आर्य ने महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि निराश्रित महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार और महिला बाल विकास विभाग लगातार काम कर रहा है।

शनिवार दोपहर एक बजे कम्युनिटी होम्स पहुंची मंत्री ने महिलाओं के रहने और खाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यहां रहने वाली निराश्रित महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की सोच को आगे बढ़ाते हुए अपना जीवनयापन भी कर रही हैं। कहा कि सरकार और महिला बाल विकास विभाग ऐसी महिलाओं के प्रति गंभीर है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

निरीक्षण के दौरान महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने आत्मनिर्भर बनने को प्रेरित करते हुए कहा कि इसके लिए सरकार की ओर से पूरी सहायता मिलेगी। महिलाएं खुद को कभी भी निराश्रित न समझें, भारतीय समाज में महिलाओं को उच्च स्थान दिया जाता है। यहां गरीब और बेसहरा महिलाओं ने अपने कौशल के दम पर समाज में ऊंचा मुकाम हासिल किया है। कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर महिला आसीन है, जो एक बेहद ही साधारण परिवार में पली बढ़ी हैं। उन्होंने अपनी योग्यता के दम पर राष्ट्रपति पद हासिल किया। मंत्री ने कम्यूनिटी होम्स में रहने वाली सभी महिलाओं को हर संभव सहायता मुहैया कराने का अश्वासन दिया।

इस दौरान होम्स के निदेशक रॉबर्ट कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विनाक्षी सिंह, सैमुअल, मीना बिष्ट, अंजना गुप्ता, मीता सिंह, विनोद कश्यप, ऋषभ अग्रवाल, अमित डबराल, आशा सक्सैना, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *