लैंसडाउन। राज्यपाल गुरमीत सिंह अपने दो दिवसीय पौड़ी भ्रमण कार्यक्रम के तहत गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर लैंसडाउन पहुंचे। लैंसडाउन के शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत और कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी द्वारा राज्यपाल का स्वागत किया गया। इसके बाद राज्यपाल ने सबसे पहले पूर्व सैनिकों और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान” का उद्घाटन किया।
कैंट बोर्ड द्वारा राज्यपाल को उद्यान के बारे में जानकारी दी गयी। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पूर्व सैनिकों के योगदान को सम्मान देने का कार्य भी करते हैं। साथ ही राज्यपाल ने आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया।