बागेश्वर जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने की पहल शुरू

बागेश्वर। बागेश्वर जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसाइटी ने एक अहम पहल की है। रेडक्रॉस कार्यालय में ब्लड डायरेक्टरी अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर ब्लड डायरेक्टरी के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि एक यूनिट रक्तदान से चार लोगों का जीवन बचाया जा सकता है, लेकिन वर्तमान में रक्त की मांग और उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। इसी अंतर को पाटने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में 5 हजार रक्तदाताओं को ब्लड डायरेक्टरी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव आलोक पांडे ने बताया कि वर्ष 2021 में भी रक्त समूह डायरेक्टरी तैयार की गई थी, जिसे राज्यपाल द्वारा सराहा गया था। उन्होंने कहा कि समय के साथ कई लोग जनपद से बाहर चले गए हैं, ऐसे में इस नई पहल के माध्यम से नए रक्तदाताओं को जोड़ने और युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के तहत जिले के कॉलेजों, विद्यालयों, संस्थानों और बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा बड़े स्तर पर रक्त समूह पंजीकरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *