बागेश्वर। बागेश्वर के छाती मनकोट क्षेत्र में वन विभाग को एक आदमखोर गुलदार को पकड़ने में सफलता हाथ लगी है। वन विभाग की टीम द्वारा बीती रात सघन सर्च अभियान चलाया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद पूरी टीम ने रात भर पहरा बनाए रखा। लगातार प्रयासों और सतर्क निगरानी के फलस्वरूप आज तड़के लगभग सुबह 4 बजे आदमखोर गुलदार को पकड़ा जा सका।
7 जनवरी को इस क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला को मार दिया था। घटना के बाद से ही वन विभाग की टीम लगातार घटनास्थल पर तैनात थी और क्षेत्र में लगातार गश्त व निगरानी कर रही थी। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे, कैमरा ट्रैप और लगातार पेट्रोलिंग के चलते यह अभियान सफल हो सका। गुलदार के पकड़े जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। बीते कई दिनों से भय और असुरक्षा के माहौल में रह रहे ग्रामीणों में अब फिर से सामान्य जीवन लौटने की उम्मीद जगी है।
वन क्षेत्र अधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि वन्यजीवों और मानव जीवन की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।