देहरादून। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने मोबाइल लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया करीब 1 लाख 36 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विकास पुत्र गिरीश निवासी मनसा देवी, गुमानीवाला, ऋषिकेश ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह मनसा देवी फाटक से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्ति पीछे से आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही स्थानीय स्तर पर सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की तलाश तेज की गई।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद चेकिंग के दौरान मनसा देवी फाटक से नटराज की ओर जाने वाली सड़क के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के बाद उनकी पहचान अमन गोड पुत्र अंगद गोड और हिमांशु शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों लूटे गए मोबाइल को सस्ते दामों पर बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।