देहरादून। देहरादून शहर में यातायात सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक सघन ‘रात्रि चेकिंग अभियान’ चलाया गया है। यह अभियान आईएसबीटी, मेहुवाला, मिट्ठूवाला, टर्नर रोड और शिमला बाईपास जैसे अधिक ट्रैफिक वाले इलाकों में संचालित किया गया।
डॉ. अनीता चमोला ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। चेकिंग के दौरान कई वाहनों की हेडलाइट्स, फॉग लाइट्स, और वाइपर खराब पाए गए। साथ ही, बहुत सी गाड़ियों में रिफ्लेक्टर न होने, टायरों की खराब स्थिति और हॉर्न के अनुचित उपयोग और मॉडिफाइड प्रेशर हॉर्न का प्रयोग किए जाने के मामले भी सामने आए। इस संयुक्त अभियान में परिवहन विभाग के चारों प्रवर्तन दलों— आरटीओ इंफोर्समेंट देहरादून, इंटरसेप्टर दल, और आशा रोडी और डायनेमिक टास्क फोर्स ने हिस्सा लिया। चेकिंग के दौरान कुल 105 वाहनों के चालान किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाली 15 गाड़ियों को सीज भी किया गया।