उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा ने नया मुकाम हासिल करते हुए एक लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर लिया है। पवित्र चारधाम यात्रा में देश-विदेश से श्रद्धालु आस्था, विश्वास और उत्साह के साथ लगातार पहुंच रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। उत्तरकाशी के सर्किल आफिसर जनक सिंह पंवार ने कहा कि “यमुनोत्री धाम के प्रमुख यात्रा मार्गों पर बहुभाषीय फ्लेक्स लगाए गए हैं, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। दिल्ली एनसीआर से आई यात्री गरिमा ने बताया कि “यमुनोत्री धाम की यात्रा में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये यमुनोत्री, गंगोत्री के दर्शन