स्थाई शिक्षक की नियुक्ति को लेकर अभिभावकों ने किया प्रदर्शन

श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर ब्लॉक के चौकी मल्ली में स्थाई शिक्षक की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावकों ने स्कूल परिसर में जाकर धरना प्रदर्शन किया।

  इस दौरान अभिभावकों ने कहा कि जब तक विद्यालय में स्थाई शिक्षक की नियुक्ति नहीं हो जाती है तब तक वह अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे व विद्यालय में तालाबंदी कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मामले में उन्होंने एसडीएम कीर्तिनगर व उप शिक्षा अधिकारी कीर्तिनगर को भी पत्र भेजा है।ग्राम प्रधान सरिता देवी का कहना है कि विद्यालय में नियुक्त एक स्थाई शिक्षक को व्यवस्था के तौर पर अन्य विद्यालय में नियुक्त कर दिया गया है। जबकि विद्यालय में 23 बच्चे अध्ययनरत हैं। ऐसे में एक शिक्षक के भरोसे ही विद्यालय को संचालित किया जा रहा है। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

           प्रेम सिंह, पंकज लखेड़ा, त्रिलोक सिंह, विजय सिंह, पूनम, बलमा देवी आदि ने कहा कि विभागीय कार्य प्रणाली से सभी अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। कहा विरोध स्वरूप दो दिन एक भी बच्चा स्कूल नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यालय में एक और स्थाई शिक्षक की नियुक्ति नहीं होती है तब तक अभिभावक अपने बच्चों का पठन-पाठन स्वयं कराएंगे और विद्यालय में तालाबंदी व उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा पूर्व में भी इस विद्यालय के बच्चों के भविष्य को नजरअंदाज कर स्थाई शिक्षक को अन्यत्र व्यवस्था पर नियुक्त कर दिया गया है। जिसका भुगतभोगी उन्हें बनना पड़ रहा है। उन्होंने तत्काल विद्यालय में स्थाई शिक्षक नियुक्त किए जाने की मांग की।

  विरोध जताने वालों में रोशनी देवी, संगीता देवी, आशा देवी, सतेश्वरी देवी, ममता देवी, ललिता देवी, पदमा देवी, सतेश्वरी देवी, रीता देवी, ममता देवी, मीना, मंजू, संगीता देवी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *