देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती मध्य रात्रि बाद एक व्यक्ति को लूट के गोली मारकर भाग रहे बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश को मार गिराया, जबकि बदमाशों की गोली लगने से प्रेमनगर थाना प्रभारी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, रात कंट्रोल रूम से लूट की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर घायलावस्था में मिले व्यक्ति ने उन्हें बताया कि गुजरात नंबर की काले रंग की कार में सवार बदमाशों ने उनसे दो लाख रूपये और मोबाइल आदि लूट लिया और गोली मारकर सुद्धोवाला क्षेत्र के जंगलों की ओर भाग गए हैं। पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद अपने साथ लेकर कार सवार बदमाशों का पीछा शुरू किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और गाड़ी छोड़कर पैदल ही जंगल की तरफ भाग गए। पुलिस ने उनका पीछा किया गया तो खुद को घिरा पाकर बदमाशों ने फिर से फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक को लगी।
वहीं, पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी कोरोनेशन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल प्रभारी निरीक्षक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।