अल्मोड़ा। उत्तराखँड शासन के प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने आज रानीखेत के छावनी सभागार में वर्ष 2000 से 2026 तक क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में प्रमुख सचिव ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किए गए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी अल्मोड़ा को सभी विकास कार्यों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन क्षेत्र की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन एवं पर्यटन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और इको-टूरिज्म मॉडल अपनाने पर जोर दिया।
रानीखेत दौरे के दौरान प्रमुख सचिव ने मज़ख़ाली के नैनी क्षेत्र स्थित “हाउस ऑफ उमंग” का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद कर उनके उत्पाद निर्माण, व्यवसायिक गतिविधियों और विपणन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चौबटिया गार्डन का भ्रमण कर भौतिक प्रगति की जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने कहा कि चौबटिया गार्डन का ऐतिहासिक महत्व रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इसे पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रही हैं।