हल्द्वानी। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में नशा मुक्त सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्त भारत अभियान से जनपद में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को तम्बाकू, शराब, ड्रग्स एवं अन्य मादक पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें पुनर्वास केंद्रों से जोड़ा जा रहा है।
सहायक निदेशक समाज कल्याण कान्ति राम जोशी ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार व समाज को प्रभावित करता है। इस अभियान का लक्ष्य जन-जन की भागीदारी से नैनीताल जनपद को नशामुक्त बनाना है।