अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तरीय चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के आवेदनों की स्क्रीनिंग और स्वीकृति प्रक्रिया पूरी की गई। विकास भवन सभागार अल्मोड़ा में जिला पर्यटन विकास विभाग द्वारा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय अतिथि गृह आवास योजना के तहत जिला चयन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने की। इस दौरान दोनों योजनाओं के तहत कुल 51 आवेदकों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 26 आवेदन पर्यटन स्वरोजगार योजना और 25 आवेदन अतिथि गृह आवास योजना से जुड़े थे। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों और समिति सदस्यों की मौजूदगी में आवेदनों की जांच कर कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार कर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चयनित लाभार्थियों को होम स्टे और पर्यटन आधारित व्यवसाय के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही पहाड़ी शैली में होम स्टे विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वहीं, लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल को रोजगार के अवसर बढ़ाने वाली योजना बताया। उनका कहना है कि इससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए और अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए।