रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। यात्रा मार्गों और जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड और पटाखेदार साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले, ट्रिपल राइडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने दर्जनों वाहनों के चालान किए, जबकि कई वाहनों को सीज भी किया गया। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा की आड़ में किसी भी तरह का हुड़दंग, ध्वनि प्रदूषण या यातायात व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और यात्रा की पवित्रता एवं स्थानीय लोगों की सुविधा का ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
कांवड़ यात्रा की आड़ में हुड़दंग और ध्वनि प्रदूषण पर रुद्रप्रयाग पुलिस हुई सख्त