देहरादून। प्रदेश में चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थानीय वाहनों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बढ़ते ट्रैफिक के बीच सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ने लगी है। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन संयुक्त चेकिंग अभियान चला रहे हैं। परिवहन विभाग की नजर विशेष रूप से उन वाहन चालकों पर है, जो बिना आराम किए लंबी दूरी तय कर रहे हैं। विभाग का मानना है कि लगातार वाहन चलाने से चालक को नींद आने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती हैं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लंबे सफर के बावजूद आराम न करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। दूसरी ओर, लगातार बिना रुके वाहन चलाने को चिकित्सक भी बेहद खतरनाक मानते हैं। उनका कहना है कि लगातार ड्राइविंग करने पर कई बार आंखें खुली रहती हैं, लेकिन दिमाग थकान के कारण सुस्त हो जाता है। ऐसी स्थिति में दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए, वाहन चालकों को लंबी दूरी तय करने के दौरान बीच-बीच में आराम करके पर्याप्त नींद लेनी चाहिए।