यूकेडी के किया सीएम धामी के आगे हंगामा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी शहीद स्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पुष्पांजलि देकर नमन किया। लेकिन जैसे ही वे कार्यक्रम से निकलकर देहरादून के लिए रवाना हुए, बाहर मौजूद उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने शहीदों के कातिलों को सज़ा दो” जैसे नारे भी लगाए। उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं आशीष नेगी और किरण रावत कश्यप ने आरोप लगाया कि शहीद स्थल अब आम जनता और असली आंदोलनकारियों के लिए नहीं, बल्कि केवल वीआईपी नेताओं के लिए आरक्षित हो गया है। कई पुराने आंदोलनकारियों और यूकेडी के नेताओं को गांधी चौक पर ही रोक दिया गया, जिससे उनका अपमान हुआ।

उनका कहना है कि यह कार्यक्रम राजकीय श्रद्धांजलि से ज्यादा एक राजनीतिक प्रदर्शन बनकर रह गया है। यूकेडी नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान जिनके आदेश पर गोलियां चलीं, वही तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव आज पद्म भूषण से सम्मानित किए जा रहे हैं। ये वही नेता हैं, जिनके शासन में उत्तराखंडी नौजवानों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्हें सम्मान देना उत्तराखंड के शहीदों का अपमान है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का दोहरा चरित्र अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक तरफ शहीदों को श्रद्धांजलि देने की बात होती है, दूसरी ओर उनके हत्यारों को सम्मानित किया जाता है। यूकेडी के नेताओं ने सीधे शब्दों में कहा कि उत्तराखंड के शहीदों के हत्यारे आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिन्हें अब तक सज़ा नहीं मिली। यह प्रदेश सरकार के लिए शर्म की बात है। यूकेडी नेताओं ने कहा कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों मिलकर भी उन्हें रोक नहीं पाएंगे। जनता अब राष्ट्रीय दलों से ऊब चुकी है और राज्य की भावना को सिर्फ एक क्षेत्रीय दल ही समझ सकता है।

यूकेडी नेताओं ने ऐलान किया कि यदि उनकी सरकार बनी, तो भ्रष्ट अधिकारियों और नेताओं को जेल भेजा जाएगा, चाहे वे कितने भी बड़े पद पर क्यों न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *