टिहरी। देवभूमि उत्तराखंड में बीते 27 सालों से लगातार संचालित हो रही विश्वनाथ-जगदीशिला डोली यात्रा इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रदेश भ्रमण पर निकली हुई है। विश्वनाथ-जगदीशिला डोली यात्रा का मुख्य उद्देश्य उन प्राचीन, ऐतिहासिक और सिद्धपीठ स्वरूप देवालयों को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करना है, जो वर्षों से उपेक्षित रहे हैं। यात्रा के माध्यम से न केवल धार्मिक चेतना को जागृत किया जा रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
हरिद्वार से शुरु हुई यह पवित्र यात्रा जब टिहरी पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और भगवान विश्वनाथ-जगदीशिला के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। यात्रा का समापन गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर टिहरी जनपद के भिलंगना विकासखंड स्थित नीलाछाड़ के पवित्र विसोन पर्वत पर होगा।