रांची। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल), रांची और भारत सरकार के माईगव के संयुक्त तत्वावधान में 10 अक्टूबर को ‘माईगव कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नागरिक सहभागिता, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 200 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में एनयूएसआरएल के कुलपति प्रोफेसर डॉ. अशोक आर. पाटिल विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं, माईगव के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत कुमार ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर युवाओं को प्रोत्साहित करेंगे। इस दौरान माईगव की विभिन्न पहलों, ‘माईगव साथी’ कार्यक्रम और शासन प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में विद्यार्थी नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ और गायन जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर आयोजित सत्र में आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, हरित विकास और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। विद्यार्थियों में उपभोक्ता अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए माईगव क्विज का भी आयोजन किया जाएगा।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश देने के लिए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में 20 पौधे लगाए जाने की योजना है। इस दौरान विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा करेंगे। ‘माईगव कनेक्ट’ के माध्यम से युवाओं को सार्वजनिक नीतियों, सुशासन और नागरिक सहभागिता के अवसरों से परिचित कराने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।